संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का समर्पित भाव से करूंगा निर्वहन : जिलाध्यक्ष देवेन्द्र अरजरिया

 




संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी का समर्पित भाव से करूंगा निर्वहन : जिलाध्यक्ष देवेन्द्र अरजरिया


महोबा।

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्वर्गीय श्री बाबू बालेश्वर लाल जी की जयंती एवं नववर्ष मिलन समारोह का आयोजन रघुनाथ धाम, जैतपुर मेला मैदान में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संचालक सुशील अरजरिया द्वारा बाबू बालेश्वर लाल जी के चित्र पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके जीवन और संघर्ष को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।


इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस खान ने स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारों को संगठन के प्रति निष्ठावान रहते हुए उसके विस्तार के लिए सतत प्रयास करना चाहिए। वहीं पूर्व जिला अध्यक्ष जमाल अहमद कादरी ने अपने संबोधन में बाबूजी के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया।


इसके उपरांत मंडल अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस खान द्वारा जिला एवं तहसील कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसे उपस्थित सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने करतल ध्वनि के साथ सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। घोषित कार्यकारिणी का वाचन जिला महामंत्री अनिल सेन द्वारा किया गया।


घोषित जिला कार्यकारिणी में देवेन्द्र अरजरिया को जिला अध्यक्ष, हरि दर्शन नायक, चांद बाबू मंसूरी एवं रामगोपाल अग्रवाल को उपाध्यक्ष, तथा हरि सिंह राजपूत व अनिल बाबू को महामंत्री चुना गया।

कुलपहाड़ तहसील से अजय अग्रवाल तहसील अध्यक्ष, मुजीब खान महामंत्री एवं अशोक अग्रवाल उपाध्यक्ष बनाए गए।

महोबा तहसील से इफ्तखार अली तहसील अध्यक्ष, हनुमान जी शुक्ला उपाध्यक्ष और राकेश पटेरिया महामंत्री चुने गए।

चरखारी तहसील से विनायक लक्ष्यकार तहसील अध्यक्ष, शिवनारायण गुप्ता उपाध्यक्ष एवं कृष्णकांत तिवारी महामंत्री निर्वाचित हुए।


नवनियुक्त जिलाध्यक्ष देवेन्द्र अरजरिया ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह के निर्देशानुसार जनपद महोबा में संगठन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सदस्यता अभियान सफलतापूर्वक चलाया गया, जिसमें 107 नए सदस्यों को जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो दायित्व उन्हें सौंपा है, उस पर वे शत-प्रतिशत खरा उतरने का प्रयास करेंगे और सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।


सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया। पनवाड़ी से चांद बाबू, कुलपहाड़ से इलियास, महोबा से इफ्तिखार अली, चरखारी से विनायक लक्ष्यकार एवं जैतपुर से हरि सिंह राजपूत को मंचासीन अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी सदस्यों को सदस्यता कार्ड वितरित किए गए।


कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस खान ने की। इस अवसर पर समाजसेवी डॉ. सतीश राजपूत, उपजा जिला अध्यक्ष महेंद्र द्विवेदी, बी.डी. बंसल, तहसीम खान,आनंद तिवारी सहित जनपद की सभी इकाइयों से लगभग एक सैकड़ा पत्रकार उपस्थित रहे। अंत में जिलाध्यक्ष देवेन्द्र अरजरिया ने सभी आगंतुकों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post